वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन बड़ी चूक, डीएम का सख्त रुख – डीआईओएस को निलंबन की चेतावनी

बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन बड़ी चूक, डीएम का सख्त रुख – डीआईओएस को निलंबन की चेतावनी

Newsexpress72

प्रतापगढ़ । माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 के पहले ही दिन जनपद में निगरानी व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हो गईं । औचक निरीक्षण में कई परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कनेक्टिविटी बाधित पाई गई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए । मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को मौके पर ही फटकार लगाई और व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त न होने पर निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दे डाली ।

बुधवार को परीक्षा शुरू होते ही जिलाधिकारी ने डीआईओएस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम/मॉनिटरिंग सेल का औचक निरीक्षण किया । कंट्रोल रूम में लगे 13 कंप्यूटर सेटों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा केंद्रों की लाइव सीसीटीवी फुटेज देखी गई । कई केंद्रों पर व्यवस्था सुचारु मिली, लेकिन कुछ विद्यालयों में कैमरे या तो बंद पाए गए या उनकी कनेक्टिविटी बाधित थी । इस पर डीएम ने तीखी नाराजगी जताते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में ऐसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शाम तक सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कनेक्टिविटी बहाल कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए । साथ ही जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को भी तकनीकी खामियां प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के आदेश दिए गए । उन्होंने चेतावनी दी कि जिन विद्यालयों में समय पर सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी और आवश्यकता पड़ने पर आगामी बोर्ड परीक्षाओं में संबंधित विद्यालयों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है ।

जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में शिफ्टवार ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा कक्ष में उपस्थित परीक्षार्थियों की वास्तविक उपस्थिति का सीसीटीवी फुटेज से मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जी उपस्थिति की संभावना समाप्त हो सके । परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की उपस्थिति पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए ।

166 केंद्रों पर होंगी बोर्ड परीक्षा 

जनपद में इस वर्ष कुल 166 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर पर कुल 1,02,983 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं । परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी । इतने बड़े स्तर पर परीक्षा संचालन के बीच निगरानी तंत्र में आई इस चूक से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया ।

नहीं होगा सुचिता से समझौता :डी यम 

डीएम ने साफ कर दिया है कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा । अब देखना होगा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निगरानी व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर आती है या नहीं, क्योंकि जिलाधिकारी ने संकेत दे दिए हैं कि अगली चूक पर कार्रवाई तय मानी जाएगी ।

News Express72
Author: News Express72

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें